जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस दौरान 8 जवान घायल हुए हैं जिन्हें हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया है।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ शुरू हो गई। ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में पाकिस्तान समर्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की और हथगोले फेंके, जिसमें आठ भारतीय सैनिक घायल हो गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू के उत्तर-पूर्व में स्थित सोनार क्षेत्र में रविवार दोपहर को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों का आमना-सामना हुआ। सेना की जम्मू आधारित वॉइट नाइट कोर ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त आतंकवाद रोधी अभियान शुरू किया था, जिसे ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ नाम दिया गया है। खुफिया इनपुट मिलने के बाद जब संयुक्त बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, तो छिपे हुए आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच घंटों तक भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें सेना के आठ जवान घायल हो गए।
