
छतरपुर। जिला न्यायालय के एक वरिष्ठ अधिवक्ता के खिलाफ महिला जूनियर अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दुष्कर्म, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
महिला का कहना है कि आरोपी ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे विवाह करने का आश्वासन दिया था। जब इस संबंध की जानकारी आरोपी के परिवार को हुई तो विवाद बढ़ गया। पीड़िता के अनुसार, इस पूरे मामले की शिकायत पहले भी पुलिस अधीक्षक से की गई थी।
वहीं, आरोपी वरिष्ठ अधिवक्ता ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका दावा है कि उनसे पांच लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने भी पुलिस को दी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान, दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
