विदिशा: मध्यप्रदेश कैडर के 2019 बैच के IAS अधिकारी अनिल कुमार डामोर का मंगलवार सुबह अचानक निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
डामोर हाल ही में विदिशा के अपर कलेक्टर एवं एडीएम पद से कार्यमुक्त हुए थे। शासन ने इसी महीने उनका तबादला भोपाल स्थित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव के पद पर किया था। वे नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी में ही थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया।
मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद उनकी पार्थिव देह को झाबुआ ले जाया जा रहा है। डामोर मूल रूप से झाबुआ जिले के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
सहज व्यवहार के लिए जाने जाते थे
डामोर के अचानक निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सहकर्मियों ने बताया कि वे सहज, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के अधिकारी थे। अधिकारियों के साथ-साथ कर्मचारियों से भी उनका संवाद सहज रहता था। उनके सहयोगी अस्पताल में उन्हें याद करते हुए नजर आए। प्रशासनिक अमले ने उनके निधन को व्यक्तिगत और विभागीय स्तर पर बड़ी क्षति बताया।
