25 साल पूरे होने पर फिर सिनेमाघरों में लौटेगी आमिर खान की लगान, ट्रेलर रिलीज होते ही फैंस के बीच छाया उत्साह

आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ अपनी रिलीज के 25 साल पूरे होने पर फिर से सिनेमाघरों में लौट रही है। 12 से 14 जून तक दर्शक इस क्लासिक फिल्म को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे।

आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ एक बार फिर दर्शकों को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलने वाला है। आमिर खान और निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की यह ऐतिहासिक फिल्म 15 जून 2026 को अपनी रिलीज के 25 साल पूरे करने जा रही है। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए मेकर्स ने फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है। फिल्म 12, 13 और 14 जून को देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘लगान’ का नया ट्रेलर शेयर किया है। पोस्ट के साथ लिखा गया है की एक कालजयी कहानी जिसने हर दिल को छुआ। ‘लगान’ की 25वीं सालगिरह पर इसे फिर से बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा। करीब 2 मिनट 49 सेकेंड के इस ट्रेलर में फिल्म के सबसे रोमांचक क्रिकेट मैच की झलक दिखाई गई है।

फिल्म का ट्रेलर
ट्रेलर की शुरुआत आखिरी गेंद से पहले भुवन के मन में चल रहे विचारों से होती है। मैच जीतने के लिए पांच रन की जरूरत और सामने अंग्रेजों की चुनौती, यह सस्पेंस आज भी दर्शकों को बांधे रखने में सफल नजर आता है। साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही है। फिल्म की कहानी ब्रिटिश शासनकाल के दौरान एक गांव और लगान (टैक्स) के इर्द-गिर्द घूमती है।

फिल्म के स्टार कास्ट
आमिर खान ने फिल्म में भुवन का किरदार निभाया था, जबकि ग्रेसी सिंह उनकी प्रेमिका गौरी के रोल में नजर आई थीं। फिल्म में ब्रिटिश अभिनेत्री रेचल शेली और अभिनेता पॉल ब्लैकथॉर्न ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। इसके अलावा रघुवीर यादव, यशपाल शर्मा, आदित्य लखिया, प्रदीप रावत, कुलभूषण खरबंदा और ए.के. हंगल जैसे कलाकारों ने भी शानदार अभिनय किया था।

ऑस्कर तक पहुंची थी लगान
‘लगान’ सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करने में सफल रही थी। यह फिल्म सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड के लिए नामांकित हुई थी। आज भी इसे भारतीय सिनेमा की सबसे प्रेरणादायक और क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है। 25 साल बाद एक बार फिर ‘लगान’ का जादू बड़े पर्दे पर लौट रहा है और फैंस इस ऐतिहासिक फिल्म को सिनेमाघरों में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

Next Post

घर का खाना पसंद करते हैं खेसारी लाल यादव

Thu Jun 4 , 2026
खेसारी लाल यादव ने कहा कि अब उन्हें चिकन-मटन पसंद नहीं है और वे सिर्फ सादा व घर का बना खाना खाते हैं। उन्होंने गुड्डू रंगीला के घर रहने और संघर्ष के दिनों की यादें भी शेयर कीं। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अपनी दमदार गायकी और अभिनय […]

You May Like