
मुरैना। मुरैना जिला अस्पताल में डॉक्टरों पर बच्चा बदलने का आरोप लगा है। परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
यह सनसनीखेज मामला जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में देखने को मिला है। मुरैना गांव निवासी प्रमोद ने बताया कि करीब चार दिन पहले ही उसकी पत्नी सिमरन के बेटा हुआ था। बीती रात जिला अस्पताल के आईसीयू यूनिट में भर्ती किया गया था। लेकिन बुधवार की सुबह डॉक्टर ने उन्हें बताया कि बच्चे की मौत हो गई है।
इस घटना के बाद प्रमोद और उनके परिजनों ने मुरैना जिला अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि जिस बच्चे को पहले गोद में उन्होंने लिया था और मृत बच्चा दोनों अलग हैं। जिसके बाद आज बुधवार को मौके पर पुलिस पहुंची और नवजात मृतक के पिता को कोतवाली थाने लेकर गई है जहां मामला दर्ज करने की बात कही गई है। बता दें कि जिला अस्पताल का मैटरनिटी वार्ड कई बार सुर्खियों में रहता है।
