
इंदौर. गौतमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भील बड़ोली में 45 वर्षीय किसान की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी. किसान विष्णु पिता रामसिंह तंवर का शव गुरुवार सुबह गांव के ही किसान मोहन के खेत में खून से सना मिला. किसान के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई है. प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर चाकू के वार के निशान भी मिले हैं.
थाना प्रभारी अलका मेनिया ने बताया कि विष्णु बुधवार शाम करीब 6 बजे अपने बेटे दीपराज से गांव जाने की कहकर घर से निकला था. रात करीब 11 बजे बेटे ने उसे खाना खाने के लिए फोन लगाया, लेकिन मोबाइल बंद मिला. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला. गुरुवार सुबह गांव के लोग खेत पर काम करने पहुंचे तो वहां विष्णु की खून से सनी लाश पड़ी देखकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बदमाशों ने पहले किसान पर चाकू से हमला किया और इसके बाद पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी, हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस परिवार के लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ के साथ ही मृतक के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है. अज्ञात आरोपियों की तलाश में जांच जारी है.
