
इंदौर. लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाली गैंग के तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद जीआरपी अब चोरी के मोबाइल खपाने वालों तक पहुंची है. रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में चोरी के मोबाइल बेचते मिले महाराष्ट्र निवासी राहुल कांबले और सीहोर निवासी धर्मराज सेन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों के कब्जे से पांच मोबाइल और लैपटॉप बरामद हुए हैं.
रेलवे एसपी यशपाल राजपूत ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाली गैंग के तीन सदस्यों को पिछले दिनों पकड़ा था. उनसे मिली जानकारी के आधार पर चोरी के मोबाइल खरीदकर सस्ते दामों में बेचने वालों की तलाश की जा रही थी, इसी दौरान दोनों आरोपी पकड़ में आए. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि चोरी के मोबाइल इन्हें कौन उपलब्ध कराता था और अब तक कितने मोबाइल बेचे जा चुके हैं. दोनों को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा.
ट्रेन में सोई महिला का मोबाइल चोरी…
इंदौर. जबलपुर-इंदौर एक्सप्रेस से कटनी से इंदौर आ रही महिला यात्री खुशी हरवानी का मोबाइल ट्रेन में चोरी हो गया. महिला ने जीआरपी को बताया कि सफर के दौरान उसे नींद लग गई थी. इंदौर पहुंचने पर नींद खुली तो मोबाइल गायब मिला, इसके बाद उसने जीआरपी को घटना की सूचना दी. पुलिस ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य यात्रियों से मिली जानकारी के आधार पर चोर की तलाश कर रही है.
