गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजना वृद्धा को पड़ा भारी, खाते से 2.96 लाख उड़ाए

इंदौर. ऑनलाइन खरीदारी के दौरान ऑर्डर कैंसिल होने पर 70 वर्षीय वृद्धा ने अमेजन का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर खोजकर कॉल किया, लेकिन नंबर साइबर ठग का निकला. खुद को अमेजन कर्मचारी बताने वाले आरोपी ने बातचीत के दौरान क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर चार ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 96 हजार रुपए से अधिक की रकम निकाल ली. वृद्धा ने तत्काल बैंक से संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराया और कनाड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई.

गढ़ा हाउस निवासी रानी सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अमेजन ऐप से सामान ऑर्डर किया था. ऑर्डर कैंसिल होने के बाद मदद के लिए उन्होंने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजा. नंबर पर संपर्क करने के बाद सामने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और समस्या दूर करने के नाम पर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली. कुछ ही देर में कार्ड से लगातार चार ट्रांजेक्शन हो गए. ठगी की जानकारी लगने पर उन्होंने बैंक को सूचना देकर कार्ड ब्लॉक कराया. इसी तरह चंदन नगर क्षेत्र में दुबे पैलेस, सिरपुर निवासी मंजु चौहान को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बातचीत में उलझाया और उनके खाते से 68 हजार रुपए निकाल लिए. एक अन्य मामले में चंदन नगर निवासी अतहर हुसैन को टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर मुनाफा कमाने का लिंक भेजा. लिंक खोलने के बाद उसने एक हजार रुपए जमा किए. इसके बाद ठग लगातार अलग अलग लिंक और मैसेज भेजता रहा और मुनाफे का झांसा देकर अतहर से 27 हजार रुपए ठग लिए. तीनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Next Post

दतिया में बारिश से धान को फायदा लेकिन तिल्ली-मूंगफली पर खतरा

Thu Sep 3 , 2026
दतिया। जिले में आज गुरुवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। सुबह से हल्की बारिश और रिमझिम बूंदाबांदी का दौर जारी है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत के साथ चिंता भी लेकर आई है। खेतों में खड़ी धान […]

You May Like