भाजपा सरकार में दिल्ली की कानून व्यवस्था बदहाल: आप

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा पर हमला करते हुए कहा है कि राजधानी में हर दिन कहीं न कहीं हत्या, दुष्कर्म समेत अन्य अपराध की घटनाएं घट रही है।

आप के वरिष्ठ नेता और विधायक संजीव झा ने शनिवार को कहा कि भाजपा की सरकार में दिल्ली की कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल हो चुकी है। रोज हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। जनवरी से जून तक दिल्ली में 250 हत्या समेत एक लाख 18 हजार से ज्यादा केस दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिला करती थी, लेकिन अब तो हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने लगी है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि दिल्ली में अपराधी इतने बेखौफ क्यों हैं? कहीं भाजपा और अपराधियों के बीच तालमेल तो नहीं हो गया है?

उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब विधानसभा चुनाव चल रहा था, तब भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं और प्रधानमंत्री तक ने कहा था कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार होनी चाहिए। अगर डबल इंजन की सरकार बनेगी, तो दिल्ली की हालत सुधरेगी। लेकिन पिछले सात महीनों में दिल्ली बदहाल हो गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था की हालत यह है कि हर दिन कहीं न कहीं हत्या, दुश्कर्म समेत अन्य आपराधिक मामले हो रहे हैं। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर विधानसभा में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुराड़ी में तीन दिन पहले एक व्यक्ति को डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया। दिल्ली हाईकोर्ट में बम रखने की खबर आई। हर दिन अलग- अलग स्कूलों में बम की धमकियां मिल रही हैं।

आप नेता ने भाजपा की दिल्ली व केंद्र सरकार से पूछा कि जब सारा तालमेल है फिर भी अपराध क्यों बढ़ रहे हैं? अपराधी इतने बेखौफ कैसे हैं? आखिर इस पर लगाम क्यों नहीं लग रहा है? अपराध को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी कौन किसकी है? दिल्ली की जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ भाजपा की सरकार चुनी। लोगों को लगा कि डबल इंजन की सरकार बनेगी, दोनों के बीच तालमेल होगा और हर काम आसान हो जाएगा। लेकिन जितने इंजन बढ़ रहे हैं, दिल्ली में कानून व्यवस्था की हालत उतनी ही खराब होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी दिल्ली और केंद्र सरकार की है। दोनों सरकारें अपनी जिम्मेदारी निभाएं। दिल्ली में देश ही नहीं, दुनिया भर के लोग रहते हैं। अगर दिल्ली सुरक्षित नहीं रहेगी, तो देश के साथ-साथ विदेश में भी नाम खराब होगा।

 

Next Post

लोक अदालत में आपसी सुलह के साथ 2326 प्रकरणों का निराकरण

Sat Sep 13 , 2025
रीवा।जिले भर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया. जहा आपसी समझौते के तहत प्रकरणों का निराकरण किया गया. जिला एवं तहसील न्यायालयो में 46 खंडपीठो का गठन किया गया जहा प्रीलिटिगेशन के 1262 प्रकरण का निराकरण कर 14140781 अवार्ड राशि पारित की गई. जिला न्यायालय में प्रधान जिला […]

You May Like