बनखेड़ी। गुरुवार शाम चांदोन गांव में भाजपा पार्षद और पूर्व मंडल अध्यक्ष हेमराज मुख्तयार के घर हुई पुलिसिया कार्रवाई के बाद कांग्रेस भाजपा सहित आम लोग भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। शनिवार शाम कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि बनखेड़ी में आज भाजपा घर घर मोहल्ले मोहल्ले दिखाई दे रही है वह स्व. दादा हिम्मत सिंह मुख्तयार जैसे लोगों की मेहनत है, उनके घर बिना सर्च वारंट के छापा मारा गया ये कहकर कि वे दारू बेचते हैं, पुलिस और आबकारी ठेकेदार भी था। ये कार्रवाई कराने वाले पर्दे के पीछे जो लोग हैं, भारतीय जनता पार्टी के आज जो सत्ता में बैठे लोग जिस सत्ता की बगिया के पेड़ के आम खा रहे हैं इस बगिया को खून पसीने से सींचने वाले दादा हिम्मत सिंह मुख्तयार हैं। उनके परिवार की छवि की राजनैतिक हत्या हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है। स्व. हिम्मत सिंह मुख्तयार बनखेड़ी भाजपा के वट वृक्ष थे उन्होंने उस जमाने में खून पसीने से भाजपा को खड़ा किया है जब कांग्रेस की तूती बोलती थी। श्री पटेल ने इस घटनाक्रम की घोर निंदा करते हुए कहा कि यह एक राजनैतिक षड्यंत्र है, इसमें शामिल लोगों पर एसपी और कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की है। भारतीय जनता युवा के जिला महामंत्री गुलाब बैंकर ने सोशल मीडिया पर स्व. मुख्तयार की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि “नर्मदापुरम जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता भाजपा को अपना जीवन समर्पित करने वाले आदरणीय दादू जी श्री हिम्मत सिंह मुख्तियार जी के परिवार पर बिना सर्च वारंट के पुलिस एवं आबकारी विभाग की कार्रवाई आपत्तिजनक परिवार के लोगों पर गलत व्यवहार करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई हो।” भाजपा बनखेड़ी मंडल के मीडिया प्रभारी गजेन्द्र सिंह पटेल ने कांग्रेस सरकार में तत्कालीन विधायकों द्वारा पुलिसिया कार्रवाई की तर्ज पर हुई कारवाई पर तंज कसते हुए लिखा कि “निज सुरक्षा की मजबूरी,
घर में सीसीटीवी है जरूरी।” इसी प्रकार दर्जनों लोगों ने इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
हेमराज मुख्तयार ने की कार्रवाई की मांग
भाजपा पार्षद और पूर्व मंडल अध्यक्ष हेमराज मुख्तयार ने शनिवार को बनखेड़ी थाने में आवेदन देकर एसआई मनमोहन सिंह ठाकुर, एएसआई अनिल ठाकुर, आरक्षक संयोगिता वर्मा, वर्षा बसेड़िया और शराब ठेकेदार के मैनेजर कमल सिंह, रुद्रप्रताप सिंह सहित घटना में शामिल सभी लोगों पर कारवाई की मांग की।
इनका कहना है –
मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
– गुरुकरण सिंह, पुलिस अधीक्षक
