बचपन को हिंसा से बचाना होगा

अहमदाबाद और गाजियाबाद की हालिया घटनाओं ने हर अभिभावक और शिक्षक को चिंता में डाल दिया है. अहमदाबाद में एक छात्र ने अपने ही सीनियर की चाकू मारकर हत्या कर दी. वहीं गाजियाबाद में बच्चों के बीच विवाद मारपीट तक जा पहुंचा और बच्चा चोरी की अफवाहों से लेकर अपहरण तक के मामले सामने आए. यह तस्वीर बताती है कि आज के बच्चे तनाव, आक्रोश और असुरक्षा के बीच पल रहे हैं.दरअसल सवाल यह है कि हालात इस कदर बिगड़े क्यों ? जवाब साफ है—माता-पिता बच्चों को समय नहीं दे पा रहे हैं. व्यस्त जीवन, आर्थिक दबाव और मोबाइल की दुनिया ने परिवार के संवाद को कमजोर कर दिया है. बच्चे अपनी समस्याएं और सवाल मां-बाप से साझा करने के बजाय इंटरनेट और सोशल मीडिया की ओर भागते हैं. वहां उन्हें मिलता है हिंसक गेम्स, झूठी शान और आक्रामक भाषा का असर. नतीजा यह कि छोटी सी बहस भी हिंसा का रूप ले लेती है. इस संबंध में हमें समय रहते सचेत होना होगा.

हर स्कूल में काउंसलर और मनोवैज्ञानिक हों, ताकि बच्चों को भावनात्मक सहारा मिल सके.

पाठ्यक्रम में संवाद और जीवन कौशल की शिक्षा शामिल हो.सरकार को बच्चों के लिए ऑनलाइन गेम्स और सोशल मीडिया पर सख्त नियम बनाने चाहिए. जैसे कि बनाए भी जा रहे हैं.परिवारों को रोज़ाना बच्चों के साथ बैठकर समय बिताना होगा,केवल अंक और करियर की चिंता नहीं, बल्कि उनके मन की बात भी सुननी होगी.मोहल्ला स्तर पर बाल सुरक्षा समितियां बनें और बच्चों के लिए मानसिक स्वास्थ्य मिशन शुरू हो. दरअसल,यह केवल अपराध रोकने की बात नहीं है, बल्कि आने वाले समाज को सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी है.अगर हमने अभी बच्चों के मन की परवाह नहीं की, तो आने वाले सालों में हिंसा और हताशा का तूफान हमारे सामने होगा.बचपन मासूमियत और स्नेह का नाम है. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह पहचान बरकरार रहे.बहरहाल, इन घटनाओं का विश्लेषण करते हुए हमें सबसे पहले यह स्वीकार करना होगा कि बच्चे हिंसक पैदा नहीं होते, उन्हें परिस्थितियां हिंसक बना रही हैं. बचपन में गुस्से की ऊर्जा और जिज्ञासा होती है, जिसे सही दिशा में ले जाना परिवार और समाज की जिम्मेदारी है, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि आज की व्यस्त और प्रतिस्पर्धी जीवनशैली में मां-बाप बच्चों को समय नहीं दे पाते. कामकाज की आपाधापी, आर्थिक दबाव और सामाजिक दिखावे की दौड़ में बच्चों के साथ संवाद और आत्मीयता का रिश्ता कमजोर हो गया है.

जब बच्चे अपने सवालों और भावनाओं के लिए माता-पिता को अनुपस्थित पाते हैं, तो वे सहारा इंटरनेट, वीडियो गेम्स और सोशल मीडिया में खोजते हैं. यह आभासी दुनिया उन्हें असली जीवन से काटकर हिंसा, आक्रामकता और अवास्तविक कल्पनाओं की गिरफ्त में ले जाती है. गेम्स में दिखाई देने वाली “जीतने के लिए किसी भी हद तक जाने” की प्रवृत्ति, सोशल मीडिया पर दिखने वाली नकली शान और गुस्से से भरी भाषा, बच्चों की मानसिकता को प्रभावित कर रही है.यह स्थिति केवल अपराध नियंत्रण या पुलिस की सख्ती से नहीं सुधरेगी. हमें बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर उतना ही ध्यान देना होगा, जितना उनके पढ़ाई-लिखाई और करियर पर देते हैं.

समाज को यह भी समझना होगा कि बच्चे हमारी महत्वाकांक्षाओं के बोझ तले दबकर न तो जिम्मेदार बनेंगे और न ही खुशहाल. उन्हें समझ, धैर्य और प्रेम की ज़रूरत है.

अहमदाबाद और गाजियाबाद की घटनाएं हमें चेतावनी देती हैं कि यदि हमने बच्चों के मानसिक संसार को अनदेखा किया, तो आने वाला समाज हिंसा, हताशा और अविश्वास की खाई में धकेल दिया जाएगा. परिवार, स्कूल और समाज—तीनों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि बचपन मासूमियत और स्नेह से भरा रहे, न कि चाकू और आक्रोश से.

 

Next Post

महाराष्ट्र पुलिस जांच पड़ताल कर परिवार के साथ किशोरी का शव ले गई

Sat Aug 23 , 2025
जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत गोपालपुर नर्मदा नदी में गुरूवार दोपहर मिली दो लाशों की पहचान हो गई। मृतकों में महाराष्ट्र की बालिका, जबलपुर का युवक निकला हैं। इस मामले में जब पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो यह बात सामने आई कि मृतिका का औरंगाबाद से किडनैप किया गया […]

You May Like