मप्र फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष पर मारपीट का आरोप: NSUI का विरोध प्रदर्शन

भोपाल: मध्यप्रदेश फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन द्वारा छात्र तुषार के साथ कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना तब हुई जब छात्र तुषार अपने रजिस्ट्रेशन संबंधी समस्या के समाधान के लिए काउंसिल कार्यालय पहुंचा था।

एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ता फार्मेसी काउंसिल कार्यालय पहुंचे और उग्र प्रदर्शन किया। विरोध दर्ज कराने के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने काउंसिल परिसर में संजय जैन की नेम प्लेट पर कालिख पोती।

रवि परमार ने कहा कि यह “अत्यंत चिंताजनक” है कि एक छात्र, जो अपने शैक्षणिक कार्य के लिए संवैधानिक परिषद में गया था, उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। परमार का कहना था कि ऐसे व्यक्ति का किसी सार्वजनिक पद पर बने रहना “नैतिक और कानूनी रूप से अनुचित” है।

अक्षय तोमर ने घटना को “शर्मनाक और आपराधिक” बताते हुए कहा कि एक छात्र को कमरे में घसीटकर बंद करना, उसके साथ मारपीट करना और जान से मारने की धमकी देना किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।

एनएसयूआई ने अपनी प्रमुख मांगों में संजय जैन को तत्काल पद से हटाने, छात्र तुषार के साथ मारपीट, धमकी और बंधक बनाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने, काउंसिल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की भूमिका की जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज संरक्षित करने तथा छात्र पर की गई किसी भी एफआईआर को वापस लेने की मांग शामिल की है।

परमार ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हिंसा “किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Next Post

युवा भारत की ऊर्जा, खेल उनके व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम: सांसद

Fri Nov 28 , 2025
सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में 27 एवं 28 नवम्बर 2025 को द्वि-दिवसीय वार्षिक खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि सीधी लोकसभा सांसद डॉ.राजेश मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रशरण सिंह […]

You May Like