
सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में 27 एवं 28 नवम्बर 2025 को द्वि-दिवसीय वार्षिक खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि सीधी लोकसभा सांसद डॉ.राजेश मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रशरण सिंह चौहान तथा पूर्व खिलाड़ी कन्हैयालाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.प्रभाकर सिंह ने की।
दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके पश्चात आकर्षक मार्च-पास्ट और सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि आज का युवा भारत की ऊर्जा है और खेल उनके व्यक्तित्व विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया-हिट इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के प्रत्येक युवा को अपनी दिनचर्या में खेलों को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया, सांसद खेल महोत्सव जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का जो कार्य किया है, उससे देश नई खेल क्रांति की ओर बढ़ रहा है। सांसद ने कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हैं। जीत और हार महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि खेलों में सक्रिय सहभागिता ही वास्तविक उपलब्धि है।
