जबलपुर: राजस्व, खाद्य सुरक्षा एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को नयागांव मांडवा बस्ती स्थित पानी पैकेजिंग प्लांट एक्वा ओसियनल एवं उन्नति इंटरप्राइजेज में छापा मारते हुए गंभीर अनियमिततायें पाये जाने पर दोनों को सील कर दिया है।एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह से मिली जानकारी के अनुसार नयागांव मांडवा बस्ती स्थित पानी पैकेजिंग प्लांट एक्वा ओसियनल एवं उन्नति इंटरप्राइजेज अवैध रूप से संचालन होने की शिकायत जिला प्रशासन को प्राप्त हुई थी।
शिकायत पर छापेमारी की गई थी। इस के दौरान दोनों पानी पैकेजिंग प्लांट के वैध एफ एसएसएआई लायसेंस नहीं पाये गये। इनके पास पानी को फि़ल्टर करने का लायसेंस भी नहीं था। केवल डिस्ट्रीब्यूशन के लायसेंस पर ही इन दोनों पैकेजिंग प्लांट में शीतल, जल, पारस, बडक़ुल जैसी अलग-अलग कंपनियों के नाम के स्टीकर पानी की बोतलों में लगाये जा रहे थे। एसडीएम गोरखपुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा दोनों प्लांटो से पैकेज्ड पानी के सेम्पल परीक्षण के लिए लिये गये हैं तथा अवैध रूप से संचालित पाये जाने पर दोनों को सील कर दिया गया है।
