नयी दिल्ली, (वार्ता) अभिनेता सलमान खान ने नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रति समर्थन जताते हुए आंदोलन का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है तथा इसका श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए।
खान ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि यह अब तक का बेहद शांतिपूर्ण आंदोलन रहा है और इसका हिंसक रूप ले लेना दुखद है। उन्होंने आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर मुद्दा है।
उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं और उनके अभिभावकों ने भी उनका साथ दिया है। उन्होंने छात्रों के रुख की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, ईमानदारी और बेहतर भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनका कहना था कि छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया है और उनका साहस तथा शिक्षा के प्रति समर्पण देश को गौरवान्वित करेगा।
खान ने कहा कि यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है तथा इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का पूरा श्रेय देश के छात्रों को मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार भी छात्रों का समर्थन करेगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी।
उन्होंने शिक्षा को देश का अगला बड़ा चलन बनाने की वकालत करते हुए कहा कि शिक्षा इतनी आकर्षक और प्रतिष्ठित बननी चाहिए कि विदेशों से भी छात्र भारत पढ़ने आएं और भारत एक वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित हो।
उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “शिक्षा अगला चलन होना चाहिए। इसका चलन और फैशन हर साल बढ़ते रहना चाहिए, इतना कि बाहर से लोग पढ़ने के लिए भारत आएं और हमारा देश शिक्षा का केंद्र बने।”
