लुसाने (स्विट्जरलैंड) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने गुरुवार को डकार 2026 यूथ ओलंपिक गेम्स (योग) के लिए पांच ‘एथलीट रोल मॉडल’ की घोषणा की है। ये लोग अफ्रीकी धरती पर आयोजित होने वाले पहले ओलंपिक खेल आयोजन में युवा एथलीटों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे। इन नए नामों के जुड़ने के बाद, ‘एथलीट रोल मॉडल’ की कुल संख्या 41 हो गई है। इससे पहले अप्रैल 2026 के मध्य में 31 ‘एथलीट रोल मॉडल’ की घोषणा की गई थी, और फिर मई के मध्य में पांच और लोगों को शामिल किया गया था। इस समूह में अलग-अलग खेलों के ओलंपिक चैंपियन और पदक विजेता शामिल हैं। इन्हें अंतरराष्ट्रीय महासंघों के सहयोग से चुना गया है और ये डकार 2026 कार्यक्रम में शामिल सभी 25 प्रतियोगिता खेलों और 10 एंगेजमेंट खेलों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
हाल ही में चुने गए पांच ‘एथलीट रोल मॉडल’ इस प्रकार हैं:- फ्रांसीसी नाविक चार्लिन पिकॉन, जिन्हें हाल ही में ‘एथलीट रोल मॉडल’ नियुक्त किया गया है, ने रियो 2016 में स्वर्ण और पेरिस 2024 में रजत पदक जीता था। चार्लिन ने कहा, “युवा एथलीटों के सफर में उनका समर्थन करना और प्रदर्शन के बारे में, खासकर मानसिक पहलुओं से जुड़ी अपनी सीख उनके साथ साझा करना, मेरे लिए एक बेहतरीन मौका है।” वहीं, ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल ओलंपियन और तैराक एम्मा मैकेओन डकार 2026 में अपने लिए एक खास ‘पूर्ण चक्र’ की उम्मीद कर रही हैं, क्योंकि उन्होंने 2010 में सिंगापुर में हुए पहले यूथ ओलंपिक गेम्स में हिस्सा लिया था।
एम्मा ने कहा, “इतने लंबे सफर के बाद वापस यूथ ओलंपिक में आना वाकई बहुत खास है। मैं जानती हूं कि मेरे खेल सफर के दौरान ‘रोल मॉडल’ का मुझ पर कितना गहरा असर पड़ा है। अगर मैं भी किसी युवा एथलीट पर इसी तरह का सकारात्मक प्रभाव डाल सकूं, तो यह बहुत सार्थक होगा।” क्यूबा के कुश्ती दिग्गज मिजैन लोपेज ने पेरिस 2024 में ओलंपिक इतिहास रचा। वे एक ही स्पर्धा में लगातार पांच व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए। वे अब डकार 2026 में युवा एथलीटों की अगली पीढ़ी के साथ अपने व्यापक अनुभव को साझा करने के लिए तैयार हैं, “खेल रोज़मर्रा की जिंदगी में बेहद जरूरी हैं और सामाजिक तथा स्वास्थ्य विकास के लिए एक बेहतरीन ज़रिया हैं। हमारे सामने आने वाली चुनौतियों के बावजूद, एक एथलीट के रूप में अपने पूरे करियर के दौरान कुश्ती ने मुझे हमेशा बाधाओं को पार करने में मदद की है।”
यह बड़ा समूह डकार 2026 के दौरान एक अहम भूमिका निभाएगा, जो युवा एथलीटों को मार्गदर्शन, सलाह और प्रेरणा देगा। ‘एथलीट रोल मॉडल’ यूथ ओलंपिक विलेज में मौजूद रहेंगे, अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे, शैक्षिक कार्यशालाओं (वर्कशॉप) का संचालन करेंगे और खेलों के दौरान अलग-अलग जगहों पर खिलाड़ियों के साथ बातचीत करेंगे।
औपचारिक कार्यशालाओं के अलावा, ‘एथलीट रोल मॉडल’ प्रतियोगिता स्थलों और जीत के समारोहों में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे, और पूरे खेलों के दौरान स्थानीय समुदायों के साथ भी जुड़ेंगे। सिंगापुर 2010 में पहले यूथ ओलंपिक खेलों (योग) की शुरुआत के समय से ही, ‘एथलीट रोल मॉडल’ कार्यक्रम योग का एक मुख्य हिस्सा रहा है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है ताकि उभरते हुए एथलीटों को एक व्यक्तिगत और शैक्षिक माहौल में अनुभवी खिलाड़ियों से जोड़ा जा सके।
डकार 2026 योग का आयोजन 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक होगा, जिसमें 17 साल तक की उम्र के लगभग 2,700 युवा एथलीट एक साथ जुटेंगे।

