अगरतला, 30 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के मामले में वांछित अनवर हुसैन की तलाश में त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में देर रात तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एनआईए की एक विशेष टीम ने बिशालगढ़ थाना पुलिस की मदद से बिशालगढ़ उपखंड के करई मुरा इलाके में यह अभियान चलाया, जहां आरोपी के पारिवारिक संबंध होने की आशंका जताई जा रही है।
यह तलाशी अभियान गुवाहाटी स्थित विशेष एनआईए अदालत द्वारा अनवर हुसैन के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद शुरू किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने आरोपी के पिता माणिक मियां के आवास की तलाशी ली, ताकि अनवर हुसैन को तलाश कर वारंट की तामील कराई जा सके, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एजेंसी की जारी जांच का हिस्सा है और नयी जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में निगरानी और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया गया है तथा आरोपी के ज्ञात सहयोगियों और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।
माणिक मियां ने जांचकर्ताओं को बताया कि लंबे समय से उनका अपने बेटे से कोई संपर्क नहीं है और उन्हें उसके ठिकाने की जानकारी नहीं है।
फिलहाल एनआईए की ओर से इस तलाशी अभियान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, हालांकि सूत्रों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अतिरिक्त तलाशी और आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
