आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को औद्योगिक के तौर पर करें विकसित : सांसद भारत सिंह

ग्वालियर। ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान 6-लेन आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के दोनों ओर शासकीय भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6-लेन आगरा-ग्वालियर राष्ट्रीय हाई स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर की स्वीकृति दिए जाने से ग्वालियर संसदीय क्षेत्र सहित पूरे अंचल के विकास को एक नई दिशा मिली है। यह कॉरिडोर न केवल दिल्ली और ग्वालियर के बीच की दूरी को कम करेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य को बदलने की क्षमता रखता है।

उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि इस हाई स्पीड कॉरिडोर के दोनों ओर स्थित शासकीय भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएं, इससे न केवल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि यह कॉरिडोर देश के मानचित्र पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाने में सफल होगा। उद्योगों की स्थापना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। ग्वालियर चंबल अंचल की हवाई, रेल और सडक मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के विकास की असीम संभावना है। बानमोर के साथ मालनपुर और साडा औद्योगिक क्षेत्र पहले से ही औद्योगिक आधार प्रदान कर रहे हैं। नए कॉरिडोर के निर्माण से इन औद्योगिक क्षेत्रों को भी नया जीवन मिलेगा। लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी में सुधार होने से बानमोर, साडा और मालनपुर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा, जिससे ग्वालियर मध्य भारत का एक प्रमुख औद्योगिक इंजन बनकर उभरेगा।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व के लिए विश्व विख्यात है। ग्वालियर का किला और संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली और संगीत परंपरा पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। वर्तमान में ग्वालियर-चंबल अंचल फिल्म निर्माण और शूटिंग के एक पसंदीदा केंद्र के रूप में उभर रहा है। साथ ही ग्वालियर का सफेद पत्थर (व्हाइट मिंट सैंडस्टोन) अपनी मजबूती, सुंदरता के कारण दुनिया भर में मशहूर है, जिसका निर्यात कई देशों में किया जाता हैं। आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से इसको और बढ़ावा मिलेगा और संपूर्ण अंचल विकास की नई ऊंचाईयों को छुएगा।

Next Post

एस-400 मिसाइल प्रणाली सहित 2.38 लाख करोड़ रुपये के रक्षा सौदों को मंजूरी

Fri Mar 27 , 2026
नयी दिल्ली 27 मार्च (वार्ता) सरकार ने सशस्त्र बलों की क्षमता बढाने तथा उनके आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 2.38 लाख करोड़ रुपये के रक्षा सौदों को जरूरत के आधार पर खरीद की मंजूरी दी है जिनमें वायु सेना के लिए मध्यम परिवहन विमान, लंबी दूरी की […]

You May Like