वादे पूरे करो या चक्का जाम सहो, कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान

बुधनी। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. महाराणा प्रताप तिराहे पर किसान आक्रोश धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर तीखा हमला बोला और किसानों के साथ अन्याय का आरोप लगाया.

भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे. करीब चार घंटे तक चले इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने मंच से सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए जमकर आलोचना की. दोपहर एक बजे बुधनी पहुंचे जीतू पटवारी का कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया. इजेसीबी मशीन के जरिए पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया. लंबे समय बाद बुधनी में कांग्रेस का इतना बड़ा प्रदर्शन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कार्यक्रम में सचिन यादव, सुखदेव पांसे, सज्जन सिंह वर्मा, राजकुमार पटेल और शैलेंद्र पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता एवं महिला नेत्रियां मौजूद रहीं.

सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था भी कमजोर है. उन्होंने आरोप लगाया कि फसल खरीदी में देरी के चलते किसानों को मजबूरी में कम दामों पर उपज बेचनी पड़ रही है। भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि किसानों को चार गुना मुआवजे का वादा किया गया था, लेकिन वास्तविकता इससे अलग है. पटवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस 7 मई को इंदौर-आगरा-मुंबई हाईवे पर चक्का जाम करेगी.

धरना स्थल पर कार्यक्रम शुरू होने से पहले लगाए गए होर्डिंग्स में कुछ स्थानीय नेताओं की तस्वीरें नहीं होने को लेकर चर्चा का माहौल भी बना, हालांकि वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति को संभाल लिया और कार्यक्रम शांतिपूर्वक चलता रहा. कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा बुधनी तहसीलदार को किसानों की मांगों का ज्ञापन सौंपा गया.

Next Post

संस्कार भारती स्वतंत्र संगठन, संघ से प्रेरणा मात्र: अभिजीत गोखले

Tue Apr 28 , 2026
भोपाल। संस्कार भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले ने स्पष्ट किया कि संस्कार भारती सहित कई संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित जरूर हैं, लेकिन वे पूरी तरह स्वतंत्र रूप से कार्य करते हैं और उनके निर्णय स्वयं के पदाधिकारी लेते हैं। संघ का इनमें किसी प्रकार का […]

You May Like