गोयल ने मिश्र के निवेश व्यापार मंत्री के साथ व्यापार एवं निवेश संबंध के विस्तार पर बैठक की

नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) मिस्र की आधिकारिक यात्रा पर गये वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को काहिरा में निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

श्री गोयल ने इस बैठक के बारे में सोशल मीडिया पर अपने एक वक्तव्य में कहा कि इस बैठक में द्विपक्षीय व्यापार का विस्तार करने, निवेश को बढ़ावा देने और आपसी सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत-मिस्र साझेदारी में व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। दोनों देशों के बीच बढ़ता कारोबारी जुड़ाव आने वाले समय में आर्थिक सहयोग को नई दिशा और गति प्रदान कर सकता है।

श्री गोयल कल ही काहिरा पहुंच गये थे। उनके आधिकारिक कार्यक्रमों का आज पहला दिन था। उन्होंने डॉ सालेह के साथ आज ही काहिरा में भारत-मिस्र बिजनेस फोरम की बैठक को भी संबोधित किया जिसमें दोनों ओर की 300 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा।

इस बैठक का आयोजन द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में किया गया। बैठक में इस दौरान दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के बीच मजबूत पारस्परिक पूरकता और निजी क्षेत्र की अधिक भागीदारी की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया।

श्री गोयल ने इस बात का उल्लेख किया कि मिस्र में 700 से अधिक भारतीय कंपनियां पंजीकृत हैं। यह दर्शाता है कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के बीच संबंध लगातार गहरे हो रहे हैं।

वाणिज्य मंत्री ने दोनों देशों के कारोबारियों से मौजूदा साझेदारियों को और मजबूत करने तथा मैन्युफैक्चरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने का आह्वान किया गया।

इस बैठक में जोर दिया गया कि कारोबारियों को भारत के विशाल बाजार और मिस्र की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति से परस्पर लाभ के नये अवसर मिलेंगे। बैठक के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि भारत का विशाल औद्योगिक आधार और मजबूत उपभोक्ता बाजार मिस्र की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति के साथ मिलकर व्यापार एवं निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं।

 

 

Next Post

काफिले पर हमला, वाहनों में तोडफ़ोड़, प्रदेश अध्यक्ष लापता

Sun Nov 15 , 2026
जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जबलपुर से नरसिंहपुर जा रहे बहुजन चेतना विकास मोर्चा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं के काफिले पर बेलखेड़ा थाना अंतर्गत मेरेगांव के पास 50 से अधिक अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने थार समेत काफिले में शामिल वाहनों […]

You May Like