
जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जबलपुर से नरसिंहपुर जा रहे बहुजन चेतना विकास मोर्चा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं के काफिले पर बेलखेड़ा थाना अंतर्गत मेरेगांव के पास 50 से अधिक अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने थार समेत काफिले में शामिल वाहनों में जमकर तोडफ़ोड़ की और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद से बहुजन चेतना विकास मोर्चा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा लापता बताए जा रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष संजू लाल झारिया द्वारा के अनुसार, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बहुजन चेतना विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा के साथ अपने वाहनों से नरसिंहपुर जा रहे थे। जैसे ही काफिला बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के मेरेगांव के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे करीब 50 से 60 असामाजिक तत्वों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया और राधेश्याम मेहरा की गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब संगठन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत पत्र में दावा किया गया है कि घटना के बाद पुलिस राधेश्याम मेहरा को किसी निजी वाहन में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गई है। वाहन हरियाणा का बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। पदाधिकारियों का कहना है कि उनका कोई सुराग न मिलने से कार्यकर्ताओं को उनके साथ किसी बड़ी अनहोनी होने की आशंका सता रही है। घटना के विरोध में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम एक लिखित शिकायत सौंपी है। जिला अध्यक्ष संजू लाल झारिया ने मांग की है कि हमले और तोडफ़ोड़ में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, लापता प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा को जल्द से जल्द ढूंढकर संगठन के समक्ष सकुशल प्रस्तुत किया जाए।
