भोपाल। भोपाल के भौंरी स्थित मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा सूचना का अधिकार अधिनियम विषय पर आयोजित दो दिवसीय सेमिनार का सफलतापूर्वक समापन हो गया।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की विधिक समझ को सुदृढ़ करना, संवेदनशील मामलों में विधि अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों से आए अधिकारियों ने भाग लिया।
सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को संबंधित अधिनियमों में हुए नवीनतम संशोधनों और न्यायालयों द्वारा दी गई हालिया कानूनी व्याख्याओं से अवगत कराया गया। प्रक्रियात्मक प्रावधानों, जांच मानकों और अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई। केस स्टडी के माध्यम से जटिल प्रकरणों के प्रभावी निपटान तथा विधिक प्रावधानों के व्यवहारिक उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया।
समापन सत्र में मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी के उपनिदेशक संजय कुमार अग्रवाल ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में विधिक संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखने का संदेश दिया।
