सतना : जिले के चित्रकूट क्षेत्र में घर में घुसकर लाखों की चोरी की घटना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से चुराए गए 14.26 लाख के आभूषण और नकदी को पुलिस ने बरामद कर लिया.चित्रकूट थाना प्रभारी गिरिजा शंकर वाजपेयी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जनवरी की रात सिरसावन निवासी मनोज मिश्रा के घर में लगभग 20 लाख रु की कीमत के आभूषण-नकदी की चोरी की घटना सामने आई थी.
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की. लेकिन काफी प्रयास करने के बावजूद इस मामले में कोई लीड नहीं मिल पा रही थी. जिसे देखते हुए एसआईटी टीम गठित करने के साथ-साथ साइबर सेल की मदद ली गई. कड़ी मशक्कत करने पर कुछ संदेहियों के नाम सामने आए. जिसे देखते हुए विक्की उर्फ विभव पाण्डेय 28 वर्ष निवासी प्रमोदवन, अभय तिवारी 24 वर्ष निवासी इटावा उप्र और हर्ष मिश्रा उम्र 22 वर्ष निवासी सिरसावन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की गई. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर लिया. जिसके चलते आरोपियों की तस्दीक पर पुलिस ने चुराए गए आभूषण और नकदी को बरामद कर लिया. आरोपियों के पास से 10.26 लाख की नकदी और 4 लाख की कीमत के आभूषण बरामद हुए. वहीं घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल भी बरामद कर लिए गए.
