टीकमगढ़: प्रसिद्ध शिवधाम कुंडेश्वर में श्रवण मास के पहले सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। सुबह 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के पुजारियों ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर का गर्भ गृह सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोला गया।मंदिर प्रबंधन ने महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग अलग लाइन की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए ट्रस्ट के सुरक्षा जवानों के साथ पुलिस बल तैनात किया गया है।
मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। दोपहर 12 बजे के बाद मंदिर परिसर की रसोई में प्रसाद वितरण शुरू होगा। श्रद्धालुओं को 40 रुपए के कूपन पर भरपेट भोजन कराया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक पस्तोर ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की जानकारी दी। शाम 4 बजे के बाद गर्भ गृह को बंद कर दिया जाएगा। प्रधान पुजारी जमुना तिवारी महाराज के अनुसार इसके बाद भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम 7 बजे महाआरती की जाएगी। अनुमान है कि आज करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे
