विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायका पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

सीहोर। जिले के इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदी में बीती शाम एक विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई. ससुराल वालों का कहना है कि विवाहिता ने फांसी लगाई, जबकि मायके पक्ष का कहना है कि विवाहिता को ससुराल वालों ने मारा है. पुलिस ने शव को पीएम कराने के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है.

जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौरी निवासी आंवलीराम नागर की पुत्री विनिता नागर का विवाह तीन साल पहले इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदी निवासी गोलू नागर के साथ हुआ था. उनका डेढ़ साल का बेटा भी है. मृतिका के भाई प्रमोद नागर ने बताया कि मंगलवार की शाम उनकी बहन के ससुर मदनलाल ने फोन कर बताया कि उनकी बहन की मौत हो गई है. प्रमोद व अन्य परिजन जब बोरदी पहुंचे तो वहां उन्हें ससुराल वालों ने पहले बताया कि साईलेंट अटैक से मौत हुई है. फिर कहा कि करंट लगने से हुई है. मृतिका के भाई प्रमोद का कहना था कि सास शकुंतला ने बताया कि विनिता ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है. इस दौरान सूचना मिलने पर पहुंची इछावर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था.

बहन ने दिन में रोते हुए फोन किया था

प्रमोद नागर ने बताया कि मंगलवार को दिन में उसकी बहन विनिता ने बड़े भैया अरविंद नागर को फोन लगाकर रोते हुए बताया था कि उसके ससुराल वाले उसे बहुत तंग कर रहे हैं. उसे आकर ले जाओ. उन्होंने उसे समझा बुझाकर शांत कर दिया था, लेकिन शाम को उसकी मौत की खबर आ गई. प्रमोद का कहना है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे प्रताडि़त करते थे. दो माह पूर्व भी बहन ने अपने ससुराल वालों की प्रताडऩा के बारे में उन्हें बताया था. प्रमोद का कहना है कि बहन की सास शकुंतला का कहना है कि उनकी बहन विनिता को फांसी के फंदे पर झूलता देख उसी ने दंराते से दुपट्टे का फंदा काटा और शव को नीचे उतारा, जबकि प्रमोद की मानें तो जिस पंखे से उसकी बहन फंदे पर झूल रही थी उसकी ऊंचाई मात्र सात फीट है, जबकि पंखे के नीचे डबलबेड भी रखा है. प्रमोद ने इस मामले में अपने जीजा गोलू नागर, ससुर मदनलाल और सास शंकुतला पर अपनी बहन को मारने का आरोप लगाया है. बुधवार को इछावर में पीएम के दौरान मृतिका के काफी परिजन पहुंच गए थे. उन्होंने विनिता के ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. ग्राम बोरदी में अंतिम संस्कार हुआ तथा डेढ़ वर्षीय पुत्र ने उसे मुखाग्रि दी.

मामले में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर का कहना है कि ससुराल वाले फांसी लगाने का बोल रहे हैं, जबकि मायका पक्ष उन पर प्रताडि़त करने का आरोप लगा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी.

 

Next Post

दिनदहाड़े ज्वेलर्स का सोने-चांदी से भरा बैग पार

Thu Feb 19 , 2026
सतना : मैहर जिले के पकरिया क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के किनारे स्थित आभूषण की दुकान से सोने-चंादी से भरा बैग अज्ञात बदमाशों ने पार कर दिया. दुकान के सामने गंदगी फैलाकर दुकान संचालक का ध्यान भटकाते हुए बदमाशों ने उक्त घटना को अंजाम दिया. ज्वेलर्स की शिकायत के […]

You May Like