जम्मू 26 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि चत्तरगला सुरंग लखनपुर को बनी के रास्ते डोडा से जोड़ेगी और दोनों दूरस्थ क्षेत्रों के बीच हर मौसम में वैकल्पिक सड़क संपर्क प्रदान करेगी जिससे पर्यटन और रोज़गार को भी बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. सिंह ने चत्तरगला सुरंग की स्थिति पर मीडिया को बताया, ”6.8 किलोमीटर लंबी चत्तरगला सुरंग लखनपुर को बनी के रास्ते डोडा से जोड़ेगी और दोनों दूरस्थ क्षेत्रों के बीच हर मौसम में वैकल्पिक सड़क संपर्क प्रदान करेगी।” उन्होंने कहा कि इस परियोजना को वर्तमान योजना में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि इस पर काम जल्द से जल्द शुरू हो सके।
केंद्रीय मंत्री ने कठुआ ज़िले की बनी तहसील के इस दूर-दराज पहाड़ी कस्बे में दो घंटे से ज़्यादा लंबा जनता दरबार लगाया। उन्होंने आगे कहा, ”इस संपर्क से डोडा से लखनपुर तक की यात्रा का समय लगभग चार घंटे कम हो जाएगा और क्षेत्र में पर्यटन के साथ-साथ रोज़गार को भी बढ़ावा मिलेगा।”
डॉ. सिंह ने चत्तरगला सुरंग परियोजना को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके कार्यभार संभालने के बाद, इस परियोजना पर काम में तेज़ी लाई गई। उन्होंने कहा कि पहले यह परियोजना सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को दी गई थी, लेकिन बाद में इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंप दिया गया। सुरंग की अनुमानित लागत लगभग 4,000 करोड़ रुपये है।
जनता दरबार में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पूरा जिला प्रशासन मौके पर ही शिकायतों का निवारण करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मौजूद था। डा़ सिंह ने एक अलग बैठक में जिला प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर भी चर्चा की। बैठक में मंत्री को हाल ही में हुई सशस्त्र मुठभेड़ों और हत्याओं की घटनाओं के बाद कड़ी निगरानी और चौकसी के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
डा़ सिंह ने कहा कि उन्हें जनता से कुछ संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के अनुरोध प्राप्त हुए हैं और उन्होंने विचार व्यक्त किया कि इस पर तत्काल निर्णय लिया जाना चाहिए क्योंकि इससे स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ता है और उनका मनोबल बढ़ता है।
डॉ. सिंह ने बनी शहर के मध्य में स्थित दशकों पुराने एवं प्रसिद्ध ”झूला” पुल को बदलने के निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रशासन को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया और उसके अनुसार, आंशिक रूप से उनके सांसद निधि कोष से धनराशि की व्यवस्था की जा सकती है।
डॉ. सिंह ने जनसम्पर्क के दौरान व्यक्तिगत नागरिकों और जन प्रतिनिधिमंडलों द्वारा उठाई गई शिकायतों और माँगों को धैर्यपूर्वक सुना और कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित जिला अधिकारियों को शीघ्र और समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा, ”जनता दरबार पहल जनता और सरकार के बीच सेतु को मज़बूत करने के सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है।” डॉ. सिंह ने धार रोड के चौड़ीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये जन संपर्क कार्यक्रम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र से प्रेरित हैं।
