इंदौर: रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करने वाले एक व्यापारी ने शुक्रवार शाम जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर कुछ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और अत्यधिक ब्याज वसूलने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने वीडियो जब्त कर जांच शुरू कर दी है. शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना में रेडीमेड व्यापारी महेंद्र जाधव ने जिला अस्पताल के बाहर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी.
खुदकुशी से पहले उसने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने छह लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने उसे कर्ज लौटाने के बावजूद भारी ब्याज के बोझ तले दबा दिया था. महेंद्र ने वीडियो में बताया कि उसने हेमंत वर्मा, आलोक जैन, जीतू चावला, पूनम, अरविंद परमार और कमल नाम के लोगों से करीब आठ महीने पहले रुपए उधार लिए थे. वह तय समय पर रकम लौटा रहा था, इसके बावजूद ये सभी लोग उससे लगातार अतिरिक्त ब्याज की मांग कर रहे थे.
धमकियां दी जा रही थीं और मानसिक रूप से उसे बुरी तरह से परेशान किया जा रहा था. शुक्रवार को महेंद्र ने अपनी पत्नी और बच्चों से श्रीकृष्ण मार्केट जाने का कहकर घर से निकला और सीधे जिला अस्पताल पहुंचा. वहां डॉक्टर को उसने खुद जहर खाने की बात बताई. हालत बिगड़ने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई. एमवाय अस्पताल से चंदन नगर पुलिस को सूचना दी गई. मामले में चंदन नगर थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेजकर प्रकरण दर्ज कर लिया है. साथ ही व्यापारी द्वारा बनाए गए वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है.
