रीवा में ट्रक की टक्कर से चार युवको की दर्दनाक मौत

रीवा में ट्रक ने बाइक सवारो को कुचला, चार की मौत, एक घायल

परिजनो सहित स्थानीय लोगो ने लगाया जाम

नवभारत न्यूज

रीवा, 18 फरवरी, रीवा जिले में मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारो को कुचल दिया. जिसमें चार युवको की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई. जबकि एक घायल को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रीवा-बनकुइयां मार्ग में मरहा के पास हुए हृदय विदारक हादसे के बाद आक्रोशित परिजन एवं स्थानीय लोगो ने जाम लगा दिया और पर ही एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे. सूचना मिलते ही चोरहटा थाना का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद दोपहर जाम हटाया गया. हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया, पुलिस ने ट्रक को जप्त कर लिया है.

चोरहटा थाना अन्तर्गत रीवा-बनकुइयां मार्ग में मंगलवार की सुबह मरहा मोड़ के पास तेज रफ्तार मिट्टी लोड ट्रक ने बाइक सवारो को कुचल दिया. घर से बाइक में सवार होकर युवक निकले थे और जैसे ही मरहा मोड़ के पास पहुंचे तभी ट्रक ने कुचल दिया. मृतको की पहचान शिव बहादुर साकेत, आशीष साकेत, सागर साकेत, आशिक साकेत के रूप में की गई है. जबकि एक अन्य सनी साकेत बुरी तरह से घायल है, जिसे संजय गांधी अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया गया है, सभी जेरूका निवासी बताए गये है और एक ही परिवार के है. हादसा इतना विभत्स था कि मृतको के चीथड़े उड़ गए थे और चेहरा तक पहचान में नही आ रहा था. सूचना मिलते ही चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा सहित तहसीलदार भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे.

ग्रामीणो ने सडक़ पर लगाया जाम

हादसे के बाद आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीणो ने रीवा-बनकुइयां मार्ग में जाम लगा दिया. ग्रामीणो का आरोप था कि अवैध उत्खनन के कारण यहा से भारी वाहन निकलते है और आये दिन हादसे होते है. तेज रफ्तार को नियंत्रित करने कोई उपाय नही है, शिकायत के बाद भी कार्यवाही नही होती है. परिजन मौके पर ही एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे. हालाकि अधिकारियों के समझाइश के बाद दोपहर परिजन पीएम के लिये तैयार हुए, तहसीलदार ने ग्रामीणो को कार्यवाही का भरोसा दिलाया जिसके बाद सडक़ से जाम हटाया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस प्रकरण दर्ज की है: थाना प्रभारी

मौके पर पहुंचे चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारो को कुचल दिया है, चार युवको की मौत हुई है जो एक ही परिवार के है. ट्रक को जप्त कर लिया गया है और घायल को उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया है. पूरे मामले को लेकर प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है, सडक़ से जाम हटाया गया है.

Next Post

दिल्ली की कमान सौंपने की कवायद शुरू 

Tue Feb 18 , 2025
मंत्रिमंडल में महिला, युवा,अनुभवी व पूर्वांचली को मिलेगा मौका   प्रवेश कुमार मिश्र   नई दिल्ली. दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला 19 फरवरी को होने वाले विधायक दल के बैठक में होना तय हुआ है. लेकिन 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ कौन लेगा , इस […]

You May Like