स्टेट्सविले (नॉर्थ कैरोलिना), 19 दिसंबर (वार्ता) अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित एक क्षेत्रीय हवाई अड्डे पर एक छोटा विमान उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में कई लोगों की मौत की आशंका है।
बीबीसी के अनुसार विमानन अधिकारियों ने बताया कि इस सेसना सी550 विमान में छह लोग सवार थे। यह कॉर्पोरेट जेट स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग सवा दस बजे स्टेट्सविले रीजनल एयरपोर्ट पर दुर्घटना का शिकार हो गया।
हवाई अड्डे के निदेशक जॉन फर्ग्यूसन ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तब विमान आग की लपटों में घिरा हुआ था। विमान रनवे के पूर्वी छोर पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। मलबे को हटाने और जांच के लिए स्टेट्सविले हवाई अड्डे को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस हादसे की जांच कर रहा है।
दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
