चमोली, 05 जून, (वार्ता ) उत्तराखंड के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैनी क्षेत्र के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे, जो चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में 44 वर्षीय आरती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम गंभीर घायलों की निगरानी कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी मार्ग पर वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।
