नयी दिल्ली 05 जून (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा है कि अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
श्री बिरला में शुक्रवार को कहा, “पर्यावरण केवल हमारे अस्तित्व का आधार नहीं, बल्कि इसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है।”
उन्होंने कहा “विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर आइए देखें कि किस प्रकार भारत की संसद पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और हरित भविष्य के संकल्प को साकार कर रही है। संसद परिसर की हरियाली, स्वच्छ वातावरण, पेपरलेस कार्यप्रणाली, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध तथा पर्यावरण-अनुकूल संसदीय भवन जैसी पहलें प्रकृति और प्रगति के संतुलित संगम का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।”
उन्होंने कहा, “जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना कर रहा है, तब हम सभी का दायित्व बनता है कि अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। आइए, इस विश्व पर्यावरण दिवस पर संकल्प लें कि हम प्रकृति का सम्मान करेंगे, पर्यावरण को संरक्षित करेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य का निर्माण करेंगे।”
