
सारणी। सतपुड़ा थर्मल पावर स्टेशन में एक मजदूर छत से गिर गया। जानकारी के अनुसार, पुराने कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) की छत पर डिस्मेंटलिंग कार्य के दौरान दुर्गेश नामक मजदूर का पैर जर्जर प्लेट में फंस गया और वह संतुलन खोकर नीचे गिर गया।
घायल मजदूर को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके दाहिने हाथ और बाएं पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। डॉक्टर नितिन राठी के अनुसार, घायल की हालत फिलहाल स्थिर है और सीटी स्कैन रिपोर्ट आने के बाद आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जाएगी।
पावर स्टेशन में 660 मेगावाट की नई यूनिट लगाने के लिए पुराने सीएचपी को हटाने का कार्य मुंबई की एक निजी कंपनी को सौंपा गया है। कंपनी के प्रतिनिधि विजय मालवीय ने दावा किया कि मजदूर चक्कर आने की वजह से गिरा था, और कार्य स्थल पर सभी सुरक्षा मानक अपनाए जा रहे हैं।
सतपुड़ा थर्मल पावर स्टेशन के चीफ इंजीनियर वी.के. कैथवार ने कहा कि मजदूर को हल्की चोटें आई हैं और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश कंपनी को दिए गए हैं।
