नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ग्रेट निकोबार परियोजना का विरोध करते हुए देशवासियों से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को बचाने के उनके अभियान से जुड़ने और याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील की है।
श्री गांधी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “मैं अंडमान और निकोबार के विनाश के खिलाफ पूरी शक्ति के साथ खड़ा हूं। अंडमान और निकोबार भारत की सबसे अनमोल प्राकृतिक धरोहर हैं। वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए उनकी रक्षा करना मेरा कर्तव्य है।”
उन्होंने देश के नागरिकों से इस अभियान में जुड़ने के लिए अपील करते हुए कहा, “मेरे साथ जुड़िए, याचिका पर हस्ताक्षर कीजिए और इस अमूल्य संपत्ति को बचाने की लड़ाई का हिस्सा बनिए।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि अंडमान-निकोबार की प्राकृतिक धरोहर, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन की रक्षा के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने अभियान का पोस्टर भी पोस्ट किया जिसमें लिखा है “मैं राहुल गांधी, ग्रेट निकोबार द्वीप समूह के विनाश के खिलाफ हूं। मैं ‘ग्रीन ओवर ग्रीड’ पहल का समर्थन करता हूं और इस आह्वान में अपना नाम जोड़ता हूं। निकोबार मायने रखता है। अभियान से जुड़े।”
