
रीवा, हनुमना थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहे दो आरोपियों को सीधी जिले से गिरफ्तार किया है.
दोनों आरोपी स्कॉर्पियो से प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप की 710 शीशियां बरामद होने के मामले में वांटेड थे. पुलिस के मुताबिक मामला 23 अक्टूबर 2023 का है, यूपी की ओर से आ रही सफेद स्कॉर्पियो को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा किया था. पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोडक़र भागने की कोशिश की, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण तीनों आरोपी गाड़ी छोडक़र भागने लगे. इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी सत्यार्थ सिंह उर्फ प्रभात निवासी जमोड़ी, सीधी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए थे. फरार आरोपियों द्वारा छोड़ी गई स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर पुलिस को प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप की 710 शीशियां मिली थीं. जब्त सिरप की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार 700 रुपये आंकी गई थी. मामले में थाना हनुमना में धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था. मामले में फरार आरोपियों की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी. इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सीधी जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील केवट उर्फ लालू 37 वर्ष पिता जमुना प्रसाद केवट, निवासी कृषि विज्ञान केंद्र के सामने, थाना जमोड़ी, सीधी और पवन पांडेय उर्फ गोलू 25 वर्ष पिता सत्यनारायण पांडेय, निवासी भमरहा, हाल नूतन कॉलोनी, कोतवाली सीधी के रूप में हुई है.
