
इटारसी। पथरोटा क्षेत्र में मंगलवार रात एक ऑटो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे के समय ऑटो में चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कन्हैया नामक युवक नहर के तेज बहाव में बह गया। बुधवार को भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका और तलाश जारी रही।
हादसे के बाद लापता युवक की मां ने पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनका बेटा रात भर से नहर में डूबा हुआ है, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। वहीं, एएसआई गुलाब सिंह रघुवंशी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड निवासी सुनीता महतो अपने बेटे नीलेश के साथ बस स्टैंड से पथरोटा स्थित छत्रपाल ढाबा आई थीं। उन्होंने ऋतिक को 12 हजार रुपये उधार दिए थे। ऑटो में सवार ऋतिक और कन्हैया के बीच इसी लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और घाटली रोड पर ऑटो नहर में जा गिरा।
रेस्क्यू टीम ने ऑटो को नहर से बाहर निकाल लिया है, लेकिन युवक कन्हैया का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बुधवार शाम करीब पांच बजे एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन तेज किया। अभियान का नेतृत्व एएसआई सुंदर मरावी कर रहे हैं, जिनके साथ अजय यादव, प्रदीप राजपूत, रविंद्र चौहान, अभिषेक राजपूत और रूपेंद्र सौर्य शामिल हैं।
पुलिस ने सुनीता महतो की शिकायत पर ऋतिक और कन्हैया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि नहर में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और युवक के मिलने के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
