
जबलपुर। सुबह से ही महाविद्यालय परिसर में छात्राओं की चहल-पहल देखने लायक थी। कहीं मेहंदी के बारीक डिज़ाइन उभर रहे थे तो कहीं रंगोली और अल्पना के रंग जमीन पर भावनाएं बिखेर रहे थे। नेल आर्ट, केश सज्जा, साड़ी ड्रेपिंग, गिफ्ट रैपिंग और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट जैसी प्रतियोगिताओं में छात्राएं पूरे मनोयोग से जुटी रहीं। मौका था शासकीय मो.ह. गृह एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन का। महाविद्यालय परिसर में हर ओर रंग, मुस्कान और रचनात्मक ऊर्जा बिखरी हुई थी। सम्मलेन प्राचार्य डॉ. समीर कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। स्नेह सम्मेलन की प्रभारी डॉ. साधना केशरवानी के नेतृत्व में कार्यक्रम को सुसंगठित रूप दिया गया।
विजेता छात्राओं के चेहरों पर झलक रही थी खुशी
प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा के साथ ही विजेता छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। मेहंदी प्रतियोगिता में निशांत अंजुम, नेल आर्ट में सुलोचना चक्रवर्ती, रंगोली में यशिका सोनी, अल्पना में अमीषा मेहरा, केश सज्जा एवं साड़ी ड्रेपिंग में सृष्टि मित्रा, गिफ्ट रैपिंग में आस्था पांडे तथा बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट में सृष्टि अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विजेताओं को बधाइयां दी गईं।
प्राध्यापकों ने किया प्रतियोगिताओं का संचालन
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आभा तिवारी, डॉ. विनीता नंदा, डॉ. सुदीप्ता सान्याल, डॉ. अनीता कौशल, डॉ. वेदप्रकाश नारंग सहित समस्त विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। बाल विकास, गणित, वस्त्र एवं तंतु, भौतिक शास्त्र और भाषा विभाग के प्राध्यापकों द्वारा प्रतियोगिताओं का संचालन किया गया।
