सोनीपत, (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत के अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने सोमवार को स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।बैठक में स्कूलों के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, डिजिटल शिक्षण संसाधनों, शिक्षण गुणवत्ता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी। एडीसी ने कहा कि प्रत्येक छात्र को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर शौचालय, पेयजल, चारदीवारी, जलभराव, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र को जर्जर या असुरक्षित भवन में पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। ऐसे भवनों की पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जायेगी। साथ ही डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर, टैबलेट और अन्य स्मार्ट शिक्षण संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
श्री चोपड़ा ने अधिकारियों से शिक्षण की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत हो सके।
