जबलपुर:कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम का पूरा अमला एस.आई.आर. यानि विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों को समय पर पूरा करने मैदान में उतर चुका है। सफाई संरक्षकों से लेकर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, वार्ड सुपरवाईजर, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक, संभागीय अधिकारी, सहायक आयुक्त, उपायुक्त, अपर आयुक्त के साथ अन्य अधिकारी एवं एन.यू.एल.एम. की टीम सक्रिय हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम के 1255 अधिकारी कर्मचारी, 400 से अधिक वाहनों के माध्यम से अनाउंसमेंट, 4 रथ आदि के माध्यम से मतदाताओं को एस.आई.आर. फार्म भरने और जमा करने जागरूक किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 10 बजे तक नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी के साथ मशीनरी संसाधन अपने स्तर पर काम पर जुट गए हैं।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग और शासन के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप जबलपुर में एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनरीक्षण) मतदाता सूची को अंतिम रूप देने कार्य किया जा रहा है। साथ ही शहर की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1-1 चौपाल रथ के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक भी किया जा रहा है।
