
मंदसौर। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राणाखेड़ा में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान 2.78 करोड़ रुपये की लागत से लोध से भूखी बुजुर्ग (व्हाया बर्डियाफंटा) मार्ग का भूमिपूजन, 6.64 करोड़ रुपये की लागत से लच्छाखेड़ी से ईशाकपुरा बांसखेड़ी फंटा (व्हाया रठाना) मार्ग तथा 91.13 लाख रुपये की लागत से रूपावली–भटाना मार्ग का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा 65 लाख रुपये की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर पालड़ी, ग्राम कमालपुरा, बिलात्री व राणाखेड़ा में आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण एवं ग्राम पंचायत बिलात्री में मांगलिक भवन का भूमिपूजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि आने वाले एक वर्ष में मल्हारगढ़ सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के माध्यम से हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा, जिससे किसानों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी और चंबल नदी का पानी सीधे खेतों तक पहुंचेगा। उन्होंने नदी जोड़ो परियोजना को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपने से जोड़ते हुए कहा कि इससे सूखा और बाढ़ दोनों पर नियंत्रण संभव हो सकेगा।
उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और आवास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, गांवों की साफ-सफाई और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार हुआ है, 20 से अधिक मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुके हैं और शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, नानालाल अटोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
