महू/सिमरोल: हादसों के लिए कुख्यात इंदौर-खंडवा स्टेट हाईवे पर एक बार फिर इंसानी जान से खिलवाड़ किया जा रहा है. सिमरोल के पास निर्माण कार्य कर रही मेगा इंजीनियरिंग कंपनी ने सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर सड़क की पटरी पर ही बड़े-बड़े बोल्डर का ढेर लगा दिया है. हालात ये हैं कि दोपहिया वाहन चालक हर पल मौत के साए में सफर करने को मजबूर हैं. हाईवे पर भारी ट्रकों की लंबी कतार के ठीक बगल में सड़क की सफेद पट्टी से सटाकर बड़े पत्थर रख दिए गए हैं. जगह इतनी कम बची है कि यदि कोई बाइक सवार जरा सा भी असंतुलित हुआ या किसी बड़े वाहन ने साइड दबाई, तो सीधे इन पत्थरों से टकराना तय है.
मौके पर न तो कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. निर्माण कंपनी ने खुलेआम हादसों को न्योता दे रखा है. स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यह रोड पहले से ही ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार के कारण ‘डेंजर जोन’ बना हुआ है. अब बारिश के मौसम में यहां खतरा कई गुना बढ़ जाएगा, क्योंकि फिसलन से बाइक के अनियंत्रित होने की आशंका सबसे ज्यादा होती है. वहीं सड़क की चौड़ाई कम होने से दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं, जिसमें एंबुलेंस और स्कूली वाहन तक फंस रहे हैं.
