सलामतपुर:सलामतपुर थाना क्षेत्र के कायमपुर गांव में बीती रात्रि अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी-तूफान ने लोगों को दहशत में डाल दिया। तेज हवा के चलते गांव में कई मकानों की टीन और चादरें उड़ गईं, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। ऐसा ही एक मामला कायमपुर गांव में सामने आया जहां पर मनोज ठाकुर के मकान की टीन की चादर तेज आंधी में उड़ गई। घटना के समय घर में मनोज ठाकुर, उनकी पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे।
अचानक चादर उड़ने और ईंट-पत्थर गिरने लगे तो परिवार घबराकर घर से बाहर भागा और किसी तरह अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मनोज ठाकुर ने बताया कि घर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। चादर पर रखे ईंट-पत्थर गिरने से घरेलू सामान खराब हो गया, जिससे उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद परिवार ने पूरी रात घर के बाहर ही बिताई। तेज आंधी और तूफान से गांव के अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
