
तेंदूखेड़ा/दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा ब्लाक के ग्राम निबौरा में बुधवार को एक मुस्लिम समाज के बेटी का विवाह पूरे गांव ने मिलकर धूमधाम से किया.इस परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी, वहीं गांव में एक मात्र मुस्लिम परिवार है. इसलिए ग्रामीण यहां आपस में घुल मिलकर रहते हैं. जब सभी को बेटी नजमा खान की शादी की जानकारी लगी तो सब ने मिलकर सहयोग कर धूमधाम से शादी की और बेटी को विदा किया.
निबौरा गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेश यादव ने बताया नजमा का परिवार रामराज यादव के घर समीप रहता है.
पिता गुड्डू खान मजदूरी करते हैं और मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं. गांव में सबसे ज्यादा यादव समाज के लोग रहते हैं.केवल गुड्डू खान का अकेला मुस्लिम परिवार गांव में निवास करता है.इसलिए हम सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते है और सभी त्यौहार भी साथ ही मनाते हैं. नजमा की शादी तेजगढ़ के शाहिद खान से तय हुई और 21 जनवरी को बारात गांव आनी थी. इसके पहले हम सभी लोगों ने शादी की तैयारियों को पूरा किया और रामराज यादव के घर से शादी करने का तय हुआ.बुधवार दोपहर तेजगढ़ गांव से बारात आई.मधु यादव, राजेश यादव के अलावा अन्य सभी लोगों ने बारात का स्वागत किया.उसके बाद सभी रीति रिवाज के साथ नजमा का विवाह संपन्न हुआ. रामराज यादव ने अपनी बेटी की तरह ही नजमा को विदा किया और पूरा गांव इस विवाह सामारोह में शामिल हुआ.
लड़के पक्ष की ओर से शादी में शामिल हुए तेजगढ़ के पूर्व सरपंच फरमान खान ने कहा इस प्रकार का आपसी भाई चारा समाज के लिए एक मजबूत संदेश है.यही हमारी पहचान हैं जहां इंसानियत सबसे ऊपर है.सरपंच प्रतिनिधि राजेश यादव ने कहा हर समाज के व्यक्ति को इसी तरह भाईचारे के साथ रहना चाहिए.
