ब्रिजटाउन, 06 सितंबर (वार्ता) लॉरा हैरिस और यास्तिका भाटिया ने 5.4 ओवर में 67 रन की ओपनिंग साझेदारी के बाद शिखा पांडे की अगुआई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (टीकेआर) ने महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूसीपीएल) में मौजूदा चैंपियन बारबाडोस ट्राइडेंट्स के खिलाफ पहले ही मैच में 21 रनों से जीत दर्ज की।
ट्राइडेंट्स की कप्तान हेली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और डियांड्रा डॉटिन की नाइट राइडर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हैरिस और यास्तिका ने उन्हें बिल्कुल शानदार शुरुआत दिलाई। हैरिस ने तेज़ी से रन बनाए और इस साझेदारी में 19 गेंदों पर 38 रन ठोके, जबकि यास्तिका ने 16 गेंदों पर 24 रन बनाए। डॉटिन अपनी बड़ी हिटिंग के रंग में नहीं दिखीं, लेकिन उन्होंने यास्तिका के साथ रन-ए-बॉल 26 रन की साझेदारी करके अपना योगदान दिया। इसके बाद विकेट तेज़ी से गिरने लगे। कियाना जोसेफ ने यास्तिका को स्टंप कराकर अपना पहला विकेट लिया। 10वें ओवर में 1 विकेट पर 93 रन के स्कोर से नाइट राइडर्स अचानक 18वें ओवर में 6 विकेट पर 133 रन तक पहुंच गईं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आईं मैडलिन पेन्ना ने 21 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम की पारी को संभाले रखा। उनकी पारी की बदौलत नाइट राइडर्स 20वें ओवर की आखिरी गेंद तक बल्लेबाजी कर सकीं। जोसेफ ने अपनी बाएं हाथ की स्पिन से 27 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं ट्राइडेंट्स की ओर से सूजी बेट्स और मैथ्यूज ने दो-दो विकेट हासिल किए।
