नीमच में चीताखेड़ा बस स्टैंड पर भीड़ में घुसी कार, निजी क्लीनिक के बाहर खड़े 4 लोग घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटा

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के चीताखेड़ा बस स्टैंड पर शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक की पिटाई कर दी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुरा निवासी किसान माखन पिता लाल सिंह मकान की छत से गिरकर घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए बस स्टैंड स्थित एक निजी क्लीनिक में लाया गया था। घायल किसान को देखने के लिए क्लीनिक के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे।

इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से नीमच जा रही सफेद मारुति सिलेरियो कार (आरजे-09-सीबी-8023) अचानक अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए भीड़ में घुस गई। हादसे में कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

कई लोगों को आई गंभीर चोटें

हादसे में राजू भीम सिंह, बादल पिता रामलाल, अली हुसैन, बगदीराम, सत्यनारायण पिता कन्हैयालाल, सत्यनारायण पिता किशोरीलाल, महेंद्र, इमरान, भूपेंद्र, दीपक, गोपाल, कन्हैयालाल, साबिर और रौनक घायल हुए हैं। कई घायलों के पैर, सीने और पसलियों में चोटें आई हैं।

घटना के बाद कुछ समय तक 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से सभी घायलों को नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।

चालक की पिटाई के बाद मौके से फरार

हादसे के बाद लोगों ने कार चालक रघुवीर पिता गेंदमल परमार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान मौका मिलते ही चालक वहां से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Next Post

बरसात में सर्पदंश से घबराएं नहीं, तत्काल अस्पताल पहुंचें

Fri Jul 3 , 2026
नीमच। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने बताया, कि वर्षा ऋतु में सांप एवं अन्य विषैले जीव-जंतुओं की सक्रियता बढऩे से सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि होती है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है, कि बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें तथा सर्पदंश की स्थिति में किसी […]

You May Like