ओवरटेक की सनक बनी मौत की वजह, चार्टर्ड बस ने एक्टिवा सवार दंपत्ति को कुचला

इंदौर:तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं. मांगलिया क्षेत्र में ओवरटेक के प्रयास में एक चार्टर्ड बस ने एक्टिवा सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि बस का टायर सिर पर चढ़ जाने से पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है.घटना बीती रात करीब सवा 11 बजे शिप्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांगलिया स्थित शनि मंदिर के पास हुई.

नगीना कॉलोनी एमआईजी निवासी अंकित कुशवाह अपने बड़े भाई संतोष कुशवाह और भाभी कपूरी बाई के साथ देवास से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. संतोष अपनी पत्नी के साथ एक्टिवा पर आगे चल रहे थे, जबकि अंकित पीछे दूसरी गाड़ी से आ रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही चार्टर्ड बस नम्बर एमपी 13 पी 7290 के चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की और एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े.

इससे पहले कि संतोष संभल पाते, बस का पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क खून से लाल हो गई और लोगों की चीख-पुकार गूंज उठी. अंकित और राहगीरों ने बस को रुकवाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. गंभीर रूप से घायल कपूरी बाई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. दुर्घटनाग्रस्त चार्टर्ड बस को जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Next Post

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पिता,पुत्री घायल,नागपुर रेफर

Tue Feb 10 , 2026
पांढुरना: नगर के मुख्य मार्ग पर आरडी स्कूल काँम्पलेक्स के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी,जिससे पिता पुत्री घायल हो गए,जिन्हें जन सहयोग से नगर के सिविल चिकित्सालय पहुंचा जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती को नागपुर रेफर किया गया है,इसमें युवती की हालत […]

You May Like