
(इरशाद खान) मक्सी, मक्सी रेलवे स्टेशन के छोटी फाटक स्थित रेलवे अंडरब्रिज में सुरक्षा और रोशनी के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से राहगीरों की परेशानी बढ़ती जा रही है. अंडरब्रिज के अंदर अंधेरा पसरा रहने के साथ ही मोड़ पर सामने से आने वाले वाहनों को देखने के लिए गोलाकार सुरक्षा दर्पण कन्वेक्स मिरर भी नहीं लगाया गया है. ऐसे में दिन के समय भी मोड़ पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहीं रात के समय अंधेरा राहगीरों के लिए हादसों के साथ लूट के डर का कारण बन रहा है.
दरअसल, अंडरब्रिज के दूसरी ओर झोंकर सहित आसपास के गांव और इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण यहां से राहगीरों, मजदूरों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों का लगातार आवागमन बना रहता है. सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही शाम के समय जल्दी अंधेरा होने लगा है. ऐसे में अंडरब्रिज के अंदर रोशनी नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कई महिलाएं अंधेरे अंडरब्रिज से निकलने के बजाय रेलवे क्रॉसिंग पार करके जाने को मजबूर है. इससे रेलवे ट्रैक पार करते समय भी हादसे की आशंका बनी रहती है.
रात में असामाजिक तत्वों का डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंडरब्रिज में अंधेरा रहने से यहां से गुजरने में डर लगता है. सुनसान और अंधेरे रास्ते पर लूटपाट या किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है. लोगों का कहना है कि अंडरब्रिज में पर्याप्त लाइटें लगाई जाएं, ताकि राहगीर बिना किसी भय के आवागमन कर सके. वहीं मोड़ पर गोलाकार दर्पण लगाने से सामने से आने वाले वाहनों को समय रहते देखा जा सकेगा और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी.
दिवाली की रात दीवार से टकराया दोपहिया वाहन
अंडरब्रिज की जमीनी हकीकत उस समय सामने आई, जब दिवाली की रात अंधेरे के कारण एक दोपहिया वाहन चालक अंडरब्रिज की दीवार से टकरा गया. घटना का दृश्य नवभारत संवाददाता के कैमरे में लाइव कैद हो गया. गनीमत रही कि इस हादसे में वाहन चालक को चोट नहीं आई. यह घटना बताती है कि अंडरब्रिज में पर्याप्त रोशनी और मोड़ पर सुरक्षा दर्पण नहीं होने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
ऊंचा स्पीड ब्रेकर चारपहिया वाहनों के लिए परेशानी
छोटी फाटक स्थित अंडरब्रिज से गुजरना छोटे चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी किसी परेशानी से कम नहीं है. अंडरब्रिज के प्रवेश मार्ग पर बनाया गया ऊंचा गतिरोधक छोटे चार पहिया वाहनों के निचले हिस्से से टकराता है. वाहन चालकों को इससे गुजरते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है. लोगों का कहना है कि गतिरोधक की ऊंचाई और बनावट ऐसी होनी चाहिए, जिससे वाहनों को नुकसान न पहुंचे और आवागमन भी सुरक्षित बना रहे.
इनका कहना है…
मक्सी के छोटी फाटक स्थित रेलवे अंडरब्रिज में रोशनी सहित अन्य समस्याओं और कमियों से संबंधित विभाग को अवगत कराया जा रहा है, ताकि आवश्यक सुधार के लिए कार्रवाई की जा सके. – मुकेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, पश्चिम रेलवे
