रायसेन: जिले की तहसील बेगमगंज में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों की जांच हेतु जिला स्तरीय फ्लोरोसिस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा एवं सीएमएचओ डॉ. एच.एन. मांडरे के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में ग्राम माला, गोपालपुर, सागौनी, पीलपहाड़ी एवं कोकलपुर के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों की जांच की गई।
डॉ. एम.डी. भारती (जिला फ्लोरोसिस नोडल अधिकारी) व डॉ. बब्लू साहू की टीम ने जांच के दौरान कई बच्चों में डेंटल फ्लोरोसिस के लक्षण पाए। प्रभावित बच्चों का यूरिन एवं पीने के पानी के सैंपल लेकर जांच हेतु जिला फ्लोरोसिस लैब भेजा गया। वहीं बच्चों को उपचार स्वरूप कैल्शियम, विटामिन-सी और मल्टीविटामिन दवाएं वितरित की गईं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों, शिक्षकों व बच्चों को फ्लोरोसिस से बचाव के उपाय भी बताए गए। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि लोग 1 पीपीएम से अधिक फ्लोराइड वाले पानी का सेवन न करें तथा आहार में दूध, दही और हरी सब्जियों का उपयोग अधिक करें। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ, एएनएम, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
