नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को गेहूँ महँगा हो गया जबकि चावल के दामों में स्थिरता रही। चीनी, खाद्य तेल और दालों की कीमतों में भी तेजी रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अक्टूबर वायदा 15 रिंगिट चढ़कर 4,230 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिका में सोया तेल वायदा 0.71 प्रतिशत लुढ़ककर 54.35 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 3,824.26 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। वहीं, गेहूँ 12 रुपये महँगा होकर 2,839.35 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुँच गया। आटा भी सात रुपये चढ़कर 3,290.21 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका।
सरसों तेल औसतन 63 रुपये प्रति क्विंटल महँगा हुआ। मूंगफली तेल करीब 35 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया। सोया तेल करीब 10 रुपये और वनस्पति 20 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई। सूरजमुखी तेल 30 रुपये और पाम ऑयल 12 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया।
दाल-दलहनों में मसूर दाल औसतन नौ रुपये और चना दाल 24 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई। तुअर दाल करीब 19 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। दाल मूंग भी आठ रुपये प्रति क्विंटल की बढ़त में रही। उड़द दाल के दाम स्थिर रहे।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव सात रुपये प्रति क्विंटल चढ़े। चीनी भी छह रुपये प्रति क्विंटल के अधिक महँगी हुई।
