भोपाल: मप्र में इस समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। आसमान साफ होने और पहाड़ों से आ रही हवाओं की वजह से राज्य में बीते एक सप्ताह से कोल्ड वेव चल रही है. ठंड ने नवंबर में बीते कई सालों का रिकार्ड तोड़ा है. रविवार-सोमवार की रात इतिहास में पहली बार नवंबर के महीने में भोपाल का न्यमनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले 30 नवंबर 1941 को भोपाल का न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में अभी और ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है.
3 दिन तक और शीतलहर
इधर, मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने कहा कि मप्र में कहीं भी बारिश नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि, इन दिनों श्रीलंका तट के ऊपर लो प्रेशर एरिया बना हुआ है. इसके साथ ही एक साइक्लोन सकुर्लेशन समुद्रतल से 7.5 किलोमीटर की उंचाई पर फैला है और दक्षिण-पश्चिम की दिशा में झुका हुआ है. अगले 24 घंटे में इसके पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है. ऐसे में अगले तीन दिनों तक मध्य प्रदेश में शीत लहर का दौर जारी रहेगा.
