मोदी ने सऊदी अरब बस दुर्घटना में भारतीयों की मौत पर जताया शोक

नयी दिल्ली 17 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सऊदी अरब के मदीना में हुए सड़क हादसे में भारतीयों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

मक्का से मदीना जा रही तीर्थयात्रियों की बस डीजल टैंकर से टकरा गयी, जिसके कारण कम से कम 42 लोगों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि हादसे में मारे गये ज्यादातर लोग तेलंगाना के निवासी थे।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मेरी संवेदनाएँ उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।” उन्होंने कहा कि जब यह दुर्घटना हुई, तब बस मक्का से मदीना जा रही थी। रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना के समय ज़्यादातर यात्री सो रहे थे।

वहीं, विदेश मंत्री डॉ जयशंकर ने कहा, “सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा सदमा पहुँचा है। रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”

विदेश मंत्री कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास प्रभावित परिवारों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं।

इस बीच, प्रभावित तीर्थयात्रियों और उनके परिवारों की सहायता के लिए जेद्दा में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे काम करेगा। तेलंगाना सरकार ने भी सूचना और सहायता प्रदान करने के लिए हैदराबाद में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

Next Post

सऊदी अरब बस हादसे के बाद दिल्ली के तेलंगाना भवन में किया नियंत्रण कक्ष स्थापित

Mon Nov 17 , 2025
नयी दिल्ली/हैदराबाद, 17 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में स्थित तेलंगाना भवन ने सऊदी अरब में हुए बस हादसे के संबंध में सूचना और सहायता के समन्वय के लिए एक समर्पित नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। तेलंगाना भवन के वरिष्ठ अधिकारी रियाद स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में हैं […]

You May Like